- भरनो प्रखंड के पतराटोली गांव में देर रात हाथी ने घर की दीवार तोड़ी, मलबे में दबकर मासूम की दर्दनाक मौत
Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथी के उत्पात ने एक परिवार को गहरा सदमा दे दिया। देर रात एक हाथी ने घर की दीवार तोड़ दी, जिससे मलबे में दबकर चार माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन घायल हो गईं। यह घटना भरनो प्रखंड स्थित सरगांव पंचायत के पतराटोली गांव में हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा बस्ती में कुत्तों का आतंक, 24 घंटे में बच्ची समेत कई लोग घायल
दीवार गिरने से मलबे में दब गई बच्ची
जानकारी के अनुसार देर रात एक जंगली हाथी अचानक गांव में पहुंच गया और चंदन उरांव के घर के पास आकर दीवार को जोर से धक्का मार दिया। कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय घर के अंदर सुषमा उरांव अपने दो बच्चों के साथ सो रही थीं। घबराहट में उन्होंने अपने 5 वर्षीय बेटे को लेकर बाहर भागने में सफलता पाई, लेकिन चार माह की दुधमुंही बेटी अमिता मलबे में दब गई। मलबे में दबने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में मां सुषमा उरांव भी घायल हो गईं।घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीण पूरी रात जागकर हाथी के डर से सतर्क रहे। बेटी की मौत के सदमे में सुषमा उरांव बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि गांव की महिलाएं और ग्रामीण उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे।
पुलिस और वन विभाग मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही करंज थाना की पुलिस और बसिया वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को इलाके से खदेड़ने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post