Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेलवे डिवीजन में बड़ी कार्रवाई हुई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने डीआरएम कार्यालय में वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार रेल संवेदक अवजीत झा ने शिकायत की थी कि बिल भुगतान के लिए अभियंता संजीव कुमार लगातार रिश्वत मांग रहे थे। संवेदक ने इलेक्ट्रिक सामान की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन का काम किया था, जिसका कुल बिल लगभग 45 लाख रुपये था।
यह भी पढ़ें: घर के झगड़े में युवक ने उठाया खतरनाक कदम, हालत गंभीर
ट्रैप बिछाकर गिरफ्तारी
CBI ने शिकायत की सत्यता की जांच की और जब आरोप सही पाए गए, तो संवेदक को ट्रैप में भेजा गया। जब संवेदक 50 हजार रुपये लेकर अभियंता के पास पहुंचे, तो CBI ने तुरंत छापा मारा और अभियंता को गिरफ्तार कर लिया।
कार्यालय और आवास पर देर रात तक तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने अभियंता के कार्यालय और आवास पर तलाशी ली। टीम ने कई दस्तावेज, डिजिटल सबूत और एक प्रिंटर जब्त किया। ये सबूत आगे की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
CBI करेगी आगे की जांच
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे DSP विकास पाठक ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की आगे की जांच की जाएगी। आरोपों की पुष्टि होने पर और भी कार्रवाई की जा सकती है।
रेलवे महकमे में हड़कंप
धनबाद रेल मंडल को देश के सबसे व्यस्त और कमाई वाले मंडलों में गिना जाता है। एक वरिष्ठ अभियंता की रिश्वत लेते गिरफ्तारी से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। CBI पूरे मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई रेलवे प्रशासन और अधिकारियों के लिए एक चेतावनी भी मानी जा रही है कि भ्रष्टाचार पर कोई समझौता नहीं होगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।