Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और आधुनिक डिजिटल तकनीक के समन्वय को लेकर बीआईटी मेसरा में 6 मार्च से तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। “रूट्स टू रेनैसां: झारखंड की जनजातीय विरासत, नवाचार और डिजिटल उद्यमिता का समंवय” शीर्षक से आयोजित यह कार्यक्रम 6 मार्च से 8 मार्च तक चलेगा। इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन बीआईटी मेसरा के प्रबंधन अध्ययन विभाग और मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम में कला, संस्कृति, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और सतत उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
पारंपरिक ज्ञान और डिजिटल तकनीक पर होगा फोकस
कॉन्फ्रेंस में झारखंड की जनजातीय विरासत और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को संरक्षित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर से विद्वान, नीति-निर्माता, सांस्कृतिक कार्यकर्ता और उद्यमी शामिल होंगे। इस दौरान यह चर्चा होगी कि मौखिक कहानी कहने की परंपरा, हस्तशिल्प और अन्य सांस्कृतिक धरोहरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कैसे सुरक्षित और संरक्षित किया जा सकता है। साथ ही डिजिटल उपकरणों की मदद से लोककथाओं, स्थानीय बोलियों और पारंपरिक संगीत के दस्तावेजीकरण पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: रांची पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, गैलेक्सिया मॉल में घंटों चला सर्च ऑपरेशन
उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे ये अतिथि
राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रोफेसर इंद्रनील मन्ना और झारखंड सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं प्रबंधन अध्ययन विभाग के अध्यक्ष संजय कुमार झा उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और कार्यशालाएं भी होंगी आयोजित
कार्यक्रम के दौरान झारखंड की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। इसमें छऊ नृत्य, पैका नृत्य और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके अलावा पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने की कला, मोटे अनाज आधारित पारंपरिक खाद्य प्रणालियों और मौखिक इतिहास को संरक्षित करने से जुड़ी विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य झारखंड की समृद्ध जनजातीय धरोहर को डिजिटल युग के साथ जोड़ते हुए स्थानीय नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।