Samachar Post रिपोर्टर, रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन ने समर सीजन के लिए नई फ्लाइट समय सारणी जारी कर दी है, जो 29 मार्च से लागू होगी। नए शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट से रोजाना 24 उड़ानें संचालित होंगी। हालांकि, इस बार कोई नई फ्लाइट सेवा नहीं जोड़ी गई है, बल्कि मौजूदा उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है।
अहमदाबाद फ्लाइट के रूट में बदलाव
इस बार सबसे अहम बदलाव अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट में किया गया है। अब यह सेवा पटना–रांची–अहमदाबाद रूट पर चलेगी। पहले से इस बदलाव की मांग की जा रही थी, जिसे अब लागू कर दिया गया है। इससे पटना और रांची के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: धनबाद में रामनवमी का अनोखा जश्न: 10 टन लड्डुओं का भोग, शाम को भव्य शोभायात्रा
सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक उड़ानें
नई समय सारणी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे से फ्लाइट्स का संचालन शुरू होगा और रात 9 बजे के बाद तक जारी रहेगा। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और भुवनेश्वर जैसे प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ानें जारी रहेंगी। एयरपोर्ट से अधिकतर उड़ानें इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित की जाएंगी। दोनों एयरलाइंस दिनभर अलग-अलग शहरों के लिए सेवाएं उपलब्ध कराएंगी, जिससे यात्रियों को पर्याप्त विकल्प मिलेंगे।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की टाइमिंग जरूर चेक कर लें। नए शेड्यूल के चलते कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हुआ है, इसलिए समय पर एयरपोर्ट पहुंचना और अपडेट रहना जरूरी है।
प्रमुख फ्लाइट्स (समय)
- पुणे–रांची–बेंगलुरु: 07:55 / 08:40
- कोलकाता–रांची–कोलकाता: 08:05 / 08:30
- मुंबई–रांची–मुंबई: 08:20 / 08:50
- दिल्ली–रांची–दिल्ली: 08:30 / 09:10
- हैदराबाद–रांची–हैदराबाद: 11:10 / 11:40
- अहमदाबाद–रांची–पटना: 13:25 / 13:55
- पटना–रांची–अहमदाबाद: 19:20 / 19:50
- चेन्नई–रांची–चेन्नई: 19:10 / 19:40
- भुवनेश्वर–रांची–भुवनेश्वर: 18:20 / 18:50
समर शेड्यूल में भले नई फ्लाइट्स नहीं जोड़ी गई हों, लेकिन टाइमिंग और रूट में बदलाव से यात्रियों को पहले की तरह बेहतर कनेक्टिविटी मिलती रहेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।