बहरागोड़ा अपहरण कांड का आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, युवती सुरक्षित बरामद

Rupa Kumari | March 13, 2026 | 05:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर :झारखंड के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह मामला काशाफलिया गांव निवासी सुरेश पात्र की शिकायत के बाद सामने आया था। उन्होंने थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

तकनीकी सेल की मदद से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान तकनीकी सेल की मदद ली गई। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी मेदिनीपुर जिले नयाग्राम थाना क्षेत्र के बारडीगा गांव में छिपा हुआ है।

यह भी पढ़ें: रांची मेन रोड गोलीकांड केस में बड़ा फैसला, नवाब चिश्ती समेत 8 आरोपी बरी

पश्चिम बंगाल में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और वहां की स्थानीय पुलिस के सहयोग से बारडीगा गांव में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी सागर दंडपात को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया।

ट्रांजिट रिमांड पर लाकर भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बहरागोड़ा लेकर आई। शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

मामले की आगे जांच जारी

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की आगे जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को किस तरह अपने साथ ले गया और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें