Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम चुनाव के बाद पचंबा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज घटना के मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित अंडाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
भागने की थी पूरी तैयारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह से फरार होने के बाद शिवम आजाद लच्छीपुर पहुंचा और वहां एक नाच-गाने के कार्यक्रम में शामिल हुआ। इसके बाद वह राज्य से बाहर भागने की योजना बनाकर दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचा। हालांकि, पुलिस को उसकी लोकेशन की सटीक जानकारी मिल चुकी थी। टेक-ऑफ से ठीक पहले उसे एयरपोर्ट से दबोच लिया गया।
यह भी पढ़ें: रांची के छात्र की CNLU हॉस्टल में संदिग्ध मौत, बॉडी के पास मिला पत्र
चुनाव के बाद भड़की थी फायरिंग
नगर निगम चुनाव का मतदान समाप्त होने के बाद पचंबा थाना क्षेत्र के आजाद नगर अनुसूचित जाति टोला में अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। आरोप है कि शिवम आजाद और उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव था।
अन्य संदिग्धों से पूछताछ
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह पुलिस की विशेष टीम उसे वापस लाने के लिए रवाना हो गई है। पचंबा निवासी विशाल मंडल समेत छह-सात अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि फायरिंग की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि चुनाव के बाद माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।