Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत धनबाद नगर निगम में सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर लंबी कतारें लग गई थीं। इस बार एक मेयर और 55 वार्ड पार्षदों को चुनने के लिए कुल 8,99,841 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
974 बूथों पर हो रही वोटिंग
धनबाद नगर निगम राज्य का सबसे बड़ा शहरी निकाय माना जाता है। क्षेत्रफल और आबादी के लिहाज से यह राजधानी रांची से भी बड़ा है। चुनाव को शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे निगम क्षेत्र में 974 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हर बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: पलामू में सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग, मतदाताओं में उत्साह
मेयर पद के लिए 29 उम्मीदवार मैदान में
मेयर पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 55 वार्डों में पार्षद पद के लिए 450 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा माना जा रहा है। मेयर पद के प्रमुख उम्मीदवारों में अमित कुमार अग्रवाल, आकाश दुसाध, इंदु देवी, उमेश पासवान, कुसुम देवी, चंद्र शेखर अग्रवाल, जावेद इकबाल, दिलीप कुमार, दीनानाथ ठाकुर, नवल किशोर पासवान, मो. परवेज खान, प्रकाश कुमार, बिनोद कुमार सिंह, भृगु नाथ भगत, मुकेश कुमार पांडेय, यौगेंद्र प्रधान, रवि चौधरी, रवि बुंदेला, राजकुमार कनौजिया, राम विनय सिंह, राहुल कुमार चौहान, मो. रुस्तम अंसारी, लक्ष्मी देवी, शमशेर आलम अंसारी, शांतनु कुमार चंद्रा, शिल्पी शर्मा, संजीव कुमार, संजीव सिंह और के. सी. सिंहराज शामिल हैं।
गड़बड़ी की कोशिश पर सख्त कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी उम्मीदवार के पक्ष में दबाव बनाने की कोशिश पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
सुबह से ही युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि वे साफ-सुथरी और बेहतर नगर सरकार चाहते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि शहर की जनता किसे मेयर की कुर्सी सौंपती है और किन 55 चेहरों को वार्ड पार्षद की जिम्मेदारी मिलती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।