Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में शुरुआती घंटों में ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न बूथों पर लोग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक चास नगर निगम में 16.15% और फुसरो नगर परिषद में 21.33% मतदान दर्ज किया गया है। प्रतिशत के लिहाज से फुसरो में मतदाता उत्साह थोड़ा अधिक नजर आया, हालांकि दोनों ही क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार संतोषजनक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह निकाय चुनाव 2026: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पत्नी संग किया मतदान, लोगों से की अपील
मतदाताओं से अपील
स्थानीय प्रशासन और चुनाव आयोग ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वोट देना सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। खासकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से आगे आकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया गया है।
शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे बूथ
चास और फुसरो के सभी मतदान केंद्र सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि हर मतदाता बिना किसी परेशानी के अपना मताधिकार प्रयोग कर सके। फिलहाल, दोनों नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्वक जारी है और प्रशासन पूरे दिन की प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post