Samachar Post डेस्क, रांची: बड़हरवा रेलवे स्टेशन पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को सख्त टिकट जांच अभियान और कैंप कोर्ट का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार ने किया। अभियान के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर बड़हरवा संजीव कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत कुमार, सीआईबी/मालदा की टीम सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई। महिला एवं दिव्यांग बोगियों में यात्रा कर रहे यात्रियों की भी विशेष रूप से जांच की गई।
कई मामलों में कार्रवाई
टिकट जांच के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पार करने, अवैध वेंडरिंग, स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने, धूम्रपान करने और बिना बुक किए सामान ले जाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच अभियान के दौरान कुल 134 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे रेलवे एक्ट के तहत 76,295 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं स्टेशन परिसर में आयोजित कैंप कोर्ट में विभिन्न मामलों में 123 व्यक्तियों को पकड़कर न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 30,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी, कोर्ट परिसर में प्रत्याशी का जनसंपर्क अभियान
अभियान आगे भी रहेगा जारी
रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, ट्रैक पार करने की घटनाओं को कम करना, अवैध वेंडरिंग पर नियंत्रण रखना और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के सघन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।