Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख जलाशयों की स्वच्छता, सुरक्षा और संरक्षण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में बड़ा तालाब (विवेकानंद सरोवर) को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है।
अपर प्रशासक के नेतृत्व में हुआ स्थलीय निरीक्षण
नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम ने मंगलवार को बड़ा तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलाशय के चारों ओर फैले अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया गया।
अवैध संरचनाओं की होगी सघन जांच
अपर प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाब क्षेत्र में मौजूद अवैध दुकानों, भवनों और अन्य संरचनाओं की युद्धस्तर पर जांच की जाए। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के भवन प्लान, होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस की भी गहन समीक्षा करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: नितिन नबीन आज पहुंचेंगे पटना, एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक होगा भव्य रोड शो
53 एकड़ भूमि की मापी के निर्देश
उन्होंने बताया कि बड़ा तालाब के चारों ओर लगभग 53 एकड़ भूमि की मापी कराई जाएगी। मापी के बाद अनाधिकृत संरचनाओं का विस्तृत विवरण तैयार कर नगर निगम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम को प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जलाशयों के संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक रविंद्र कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक सहित अन्य नगर निगम कर्मी उपस्थित रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।