Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों पर अनुशासन कायम करने के लिए जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। अब शहर में चलने वाले सभी ई-रिक्शा (टोटो) चालकों को यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रत्येक ई-रिक्शा के पीछे चालक का नाम और मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में लिखना होगा, ताकि पहचान और निगरानी आसान हो सके।
यह भी पढ़ें :पटना नगर निगम खरीदेगा नई कचरा गाड़ियां, 37 प्रतिशत वाहन खराब
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हुई समन्वय बैठक
मुख्यमंत्री के हालिया रांची दौरे के बाद मिले निर्देशों के आलोक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में रविवार को एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, चौक-चौराहों के प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ई-रिक्शा के परिचालन से यातायात बाधित न हो। इसके लिए ई-रिक्शा चालक संघ के साथ बैठक कर मार्ग निर्धारण, परिचालन अनुशासन और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने को कहा गया।
अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर
बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर भी खास जोर दिया गया। प्रमुख सड़कों, फुटपाथों और चौक-चौराहों से अवैध कब्जा हटाने के लिए अंचल अधिकारियों और नगर निगम की संयुक्त टीम को अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके। बेतरतीब ढंग से लगे बिजली के खंभों और उन पर लटके तारों को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय बैठक कर तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और शहर की छवि बेहतर बने।
महिला सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस
महिला सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क दिखा। भीड़-भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग करने और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चरणबद्ध तरीके से बदलेगा रांची
बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची शहर को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त, यातायात की दृष्टि से सुगम, नागरिकों के लिए सुरक्षित और सौंदर्यपूर्ण बनाया जाएगा। बैठक में नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव, एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी गौतम राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी पुष्कर राणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post