Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : लातेहार जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बरियातू थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में लगभग 10 एकड़ में लगी अफीम की फसल नष्ट कर दी गई।
गुरुवे, बघमरी और कोटना सिमर में छापेमारी
एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर थाना प्रभारी रंजन पासवान के नेतृत्व में टीम ने गुरुवे, बघमरी और कोटना सिमर गांवों में अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान स्थानीय लोगों को चेतावनी देते हुए बताया कि अफीम की खेती पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना दें।
यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में एचआईवी संक्रमण का खतरा बढ़ा, सात महीनों में 74 नए मामले दर्ज
सीमावर्ती इलाकों में भी कार्रवाई
एसपी ने बताया कि सरकार के निर्देश पर लातेहार पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। लातेहार-चतरा और लातेहार-पलामू की सीमा से सटे इलाकों में भी अवैध खेती की सूचना पर फसल नष्ट की गई है।
पिछले वर्ष भी बड़ी मात्रा में फसल नष्ट
पिछले साल लातेहार पुलिस ने लगभग 800 एकड़ में फैली अफीम की फसल उखाड़कर नष्ट की थी, जिससे तस्करों को भारी नुकसान हुआ था। एसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफीम की खेती न केवल कानूनी रूप से गलत है, बल्कि इससे जमीन की उर्वरा शक्ति भी कम होती है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हानिकारक है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।