Samachar Post डेस्क, गढ़वा : गढ़वा समाहरणालय सभागार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की प्रगति और पात्र लोगों को समय पर चिकित्सा अनुदान प्रदान करने को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव ने की।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बड़ी सहायता
DC ने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। लाभार्थियों को उनकी आय और श्रेणी के आधार पर 1,000 से 10,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अनुदान प्रेग्नेंसी और डिलीवरी से जुड़े मामलों को छोड़कर अन्य सभी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उपलब्ध है। साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: NDA सरकार में एकमात्र मुस्लिम मंत्री बने जमा खान- जानें कौन हैं वे
267 लाभार्थियों को मिली स्वीकृति
कोविड महामारी के बाद बढ़े चिकित्सा व्यय और योजना के प्रभावी कार्यान्वयन पर भी चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से 267 लाभार्थियों के आवेदन को स्वीकृति प्रदान की गई।
आवेदन प्रक्रिया हुई आसान
लोगों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, अब आवेदक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन संबंधित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में जमा कर सकेंगे। CHC इसे सिविल सर्जन कार्यालय को भेजेगा। इसके बाद फाइलें जिला कल्याण कार्यालय जाएंगी, जहां अंतिम स्वीकृति और राशि का निर्धारण होगा।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में उपविकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, परियोजना निदेशक ITDA/कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी, विधायक प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी शामिल थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।