नहीं रहे ‘अंग्रेजों के जमाने के जेलर’, मशहूर अभिनेता असरानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन

Rupa Kumari | October 21, 2025 | 11:15 AM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन गोवर्धन असरानी, जिन्हें लोग प्यार से असरानी के नाम से जानते हैं, का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के अनुसार, असरानी का निधन दिवाली की शाम करीब 4 बजे लंबी बीमारी के बाद हुआ।

जयपुर से बॉलीवुड तक का सफर

असरानी का जन्म जयपुर, राजस्थान में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, जयपुर से पूरी की थी।
बचपन से ही अभिनय के प्रति लगाव होने के कारण वे मुंबई आए और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे से अभिनय की पढ़ाई की।

‘शोले’ में निभाया यादगार किरदार

असरानी ने अपने पांच दशक लंबे फिल्मी करियर में सैकड़ों फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने शोले, चुपके-चुपके, अभिमान, छोटी सी बात, भूल-भुलैया, जाना भी दो यारो जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। फिल्म शोले में उनका डायलॉग “हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं…” भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे मशहूर कॉमिक डायलॉग्स में गिना जाता है।

यह भी पढ़ें: बैंक डकैती के नामजद आरोपी थे राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह, नामांकन के बाद झारखंड पुलिस ने किया गिरफ्तार

कॉमेडी के बादशाह और बहुमुखी अभिनेता

असरानी ने सिर्फ हास्य भूमिकाएं ही नहीं, बल्कि कई फिल्मों में गंभीर और नकारात्मक किरदार भी निभाए। वे राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, जया भादुरी जैसे सितारों के साथ काम कर चुके थे। हिंदी सिनेमा में उन्हें कॉमेडी का जादूगर कहा जाता था।

फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

असरानी के निधन की खबर फैलते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई सितारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेता परेश रावल ने लिखा, “असरानी जी ने हमें हंसना सिखाया, आज वे हमें रुलाकर चले गए।”

Share this news

संबंधित खबरें