धनबाद बीसीसीएल लैंडस्लाइड हादसा: 5 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

Rupa Kumari | September 6, 2025 | 01:38 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : धनबाद के कतरास क्षेत्र में कांटापहाड़ी में हुए दर्दनाक लैंडस्लाइड हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोप (28), अमन कुमार सिंह (28), राहुल कुमार और चालक गया प्रसाद के रूप में की गई है। एक अन्य शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

हादसा कैसे हुआ?

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हादसा बीते शुक्रवार को BCCL (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की परियोजना में, अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के आउटसोर्सिंग पैच में ओबी डंप में भू-स्खलन और कोयले की चाल धंसने के कारण हुआ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कांटापहाड़ी क्षेत्र पहले से ही भूमिगत आग और अवैध खनन के कारण कमजोर हो चुका था। शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे, 30-35 मजदूर अवैध खनन के लिए एक चाल में गए थे, तभी अचानक जमीन धंस गई। इससे कई मजदूर फंस गए, जबकि मुंडा धौड़ा में जमीन धंसने से आधा दर्जन घर जमींदोज हो गए। स्थानीय लोगों ने 7-8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद, धौड़ा के पास आउटसोर्सिंग पैच का ओबी डंप खिसकने लगा। सुबह 11 बजे एक सर्विस वैन परियोजना में जा रही थी। वैन में चालक समेत 7 लोग सवार थे। अचानक एक बड़ी चट्टान वैन से टकराई, जिससे वैन करीब 400 फीट गहरी खाई में पलटते हुए गिर गई। वैन के कुछ सवार लोग बाहर गिर गए, जबकि दो लोग चट्टानों के बीच फंस गए।

रेस्क्यू में मुश्किलें

हादसे के बाद BCCL का बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन भू-स्खलन और बंद हॉल रोड के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आईं। शुक्रवार रात अंधेरे के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा, जिसे शनिवार सुबह फिर से शुरू किया गया। देर शाम तक 4 शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए गए।

यह भी पढ़ें : रांची : पितृपक्ष मेला 2025 – ट्रेनों का पुनपुन घाट पर अस्थायी ठहराव

ग्रामीणों का आक्रोश

स्थानीय लोग बड़े पैमाने पर घटना स्थल पर इकट्ठा हुए और BCCL अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। गोविंदपुर एरिया के जीएम केके सिंह को लोगों के गुस्से से बचाते हुए पुलिस ने सुरक्षित निकाला। ग्रामीण दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

कतरास, तेतुलमारी, अंगारपथरा, बरोरा, सोनारडीह और मधुबन थानों की पुलिस और CISF टीम मौके पर तैनात है। BCCL एरिया 4 के जीएम राजकुमार अग्रवाल, बाघमारा CO गिरिजानंद किस्कू और सांसद ढुलू महतो ने भी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें