67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता: अंडर-17 एथलेटिक्स में झारखंड का स्वर्णिम समापन

Samachar Post | April 9, 2024 | 06:05 PM IST

  • झारखंड की झोली में आए पांच पदक, आखिरी दिन मिले दो पदक
Samachar Post, रांची : पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स परिसर में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंतर्गत अंडर-17 राष्ट्रीय एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आखिरी दिन झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस रिले दौड़ में झारखंड के बाबूलाल पासवान, सागर कुमार महतो, प्रतीक उरांव एवं साकेत मिंज ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। वहीं, 100 रिले दौड़ मे भी राज्य ने रजत पदक प्राप्त किया। इस टीम में विशाल कुमार, दीपक मुंडा, प्रज्वल कुमार एवं साकेत मिंज शामिल थे। कुल मिलाकर झारखंड को पांच पदक प्राप्त हुए। दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक और दो कांस्य पदक के साथ झारखंड ने इस प्रतियोगिता में अपनी शानदार उपस्थित दर्ज की। इससे पहले झारखंड को एथलेटिक्स के एसजीएफआई खेलों में पांच पदक प्राप्त करने का अवसर कभी नही मिला था। झारखंड के स्वर्णिम प्रदर्शन पर राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक आदित्य रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, विद्या कुमारी, टीम के कोच ज्ञान प्रकाश ठाकुर, सविता माल्टो और मैनेजर पवन कुमार, सुशांति मंडोलिया ने टीम को बधाई दी।
स्केटिंग टीम रवाना
मध्यप्रदेश के सतना में 11 से 15 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंतर्गत अंडर-11/14/17/19 बालक/बालिका वर्ग रोलर स्केटिंग में भाग लेने के लिए राज्य के खिलाड़ियों की टीम को मंगलवार को रवाना किया गया। टीम को राज्य शिक्षा एवं साक्षरता सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक आदित्य रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग समेत रोलर स्केटिंग संघ के सदस्यों ने शुभकामनाएं दी। टीम के साथ विभागाध्यक्ष सुमित शर्मा, मैनेजर शंकरपाल, कोच सोमनाथ मिंज, सुचिता पारुल मिंज, हेमा टोप्पो, सुषमा टोप्पो भी मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुए।

Share this news

संबंधित खबरें