मैं बीजेपी के विचारों से संतुष्ट नहीं; बीजेपी का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए मांडू विधायक जयप्रकाश पटेल

Samachar Post | March 20, 2024 | 09:20 AM IST


Samachar Post, हजारीबाग : झारखंड के मांडू विधानसभा से तीन बार के भाजपा विधायक जय प्रकाश पटेल ने भाजपा का दामन छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। वे बुधवार को दिल्ली स्थिति कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पवन खेड़ा मौजूद थे। पार्टी कार्यालय में झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने जेपी पटेल को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। इससे पहले वे बीजेपी में मुख्य सचेतक की भूमिका निभा रहे थे।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद जेपी पटेल ने कहा कि मैं भाजपा के विचारों से संतुष्ट नहीं था। उन्होंने कहा कि आज मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन जो दौड़ रहा है उसका परिणाम 2024 में हम दिखाएंगे।


पटेल को हजारीबाग से लोकसभा में उतार सकती है कांग्रेस

जेपी पटेल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से झारखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल शुरू हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि जेपी पटेल को कांग्रेस हजारीबाग से लोकसभा चुनाव में उतार सकती है। बता दें कि जेपी पटेल टुंडी विधानसभा से जेएमएम विधायक मथुरा महतो के दामाद हैं।

Share this news

संबंधित खबरें