Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की जेलों में लंबे समय बाद लिपिकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। गृह विभाग ने निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रारंभिक जानकारी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दी है। इसके साथ ही पदों के सृजन और नियुक्ति नियमावली से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि आयोग आगे की प्रक्रिया की तैयारी कर सके। इन पदों के लिए अगले महीने यानी नवंबर में नियुक्ति विज्ञापन जारी होने की संभावना है। हालांकि, आवेदन की तारीख और अन्य विस्तृत शर्तों की आधिकारिक घोषणा विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इंटरमीडिएट स्तर की प्रतियोगिता परीक्षा से होगी नियुक्ति
निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के पदों पर भर्ती झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर ज्ञान और हिंदी टंकण की अर्हता वाले पदों के लिए आयोजित होती है। वर्ष 2023 में शुरू हुई इस परीक्षा की प्रक्रिया हाल ही में रद्द कर दी गई थी। अब जेलों के लिपिक पदों को शामिल करते हुए भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से शुरू किए जाने की तैयारी है। नियुक्ति झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली, 2025 के तहत होगी।

12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
इन पदों के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट यानी 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सरकार से मान्यता प्राप्त पंजीकृत संस्थान से कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा प्रमाणपत्र होना चाहिए। अभ्यर्थियों को सॉफ्टवेयर का ज्ञान भी होना आवश्यक होगा, जिसकी जांच नियुक्ति परीक्षा के दौरान की जाएगी। न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है। अधिकतम आयु सीमा कार्मिक विभाग के लागू नियमों के अनुसार होगी।
जेलों में लिपिकों के कुल 49 पद सृजित
गृह विभाग ने राज्य की जेलों के लिए लिपिक संवर्ग में कुल 49 पद सृजित किए हैं। इनमें निम्नवर्गीय लिपिक के 29 और उच्चवर्गीय लिपिक के 20 पद शामिल हैं। निम्नवर्गीय लिपिक के पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि उच्चवर्गीय लिपिक के पद प्रोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।
जेल वार्डन और सहायक कारापाल की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ी
झारखंड की जेलों में विभिन्न श्रेणियों के पद रिक्त रहने को लेकर हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। सुनवाई के दौरान JSSC की ओर से बताया गया कि जेल वार्डन, पैरामेडिकल स्टाफ और सहायक कारापाल के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। आयोग के अनुसार, दो सप्ताह के भीतर शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची जारी की जा सकती है। वहीं, सहायक कारापाल और जेल वार्डन के पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जानी है। सहायक कारापाल की शारीरिक जांच परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके लिए तीन बोर्ड गठित किए गए हैं।




















