रांची के सेक्टर-3 मार्केट में चार दुकानों के ताले टूटे, चोरी के बाद दुकानदारों में नाराजगी

Meenu | August 25, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 मार्केट में चोरों ने एक साथ चार दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता मंगलवार सुबह चला, जब दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे। ताले टूटे देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुकानदारों ने तुरंत धुर्वा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही चोरों की पहचान के लिए मार्केट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : शराब घोटाला मामले में बाबूलाल मरांडी की PIL पर हाईकोर्ट में सुनवाई, सरकार दाखिल करेगी हस्तक्षेप याचिका

कुछ दिन पहले भी हुई थी चोरी

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, सेक्टर-3 मार्केट में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी चोरों ने इसी इलाके में एक साथ कई दुकानों को निशाना बनाया था। लगातार चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर और नाराजगी दोनों है। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय मार्केट में पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सेक्टर-3 मार्केट और आसपास के इलाकों में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश

पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना में कितने सामान और कितनी नकदी की चोरी हुई है, इसका आकलन दुकानदारों की ओर से जानकारी मिलने के बाद किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और चोरों की तलाश में जुटी है।

Share this news

संबंधित खबरें