झारखंड में अगले 6 दिनों तक बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में अगले छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से राज्य के कई हिस्सों में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, आज और कल कुछ इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की गतिविधियों के बावजूद राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास से बढ़कर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

9 सितंबर को फिर बन सकता है निम्न दबाव

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 9 सितंबर को एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है। इस दौरान देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

2 सितंबर तक पूरा हुआ सामान्य बारिश का कोटा

मानसून की शुरुआत में अल-नीनो के प्रभाव और कम बारिश के कारण झारखंड में सूखे जैसी स्थिति की आशंका जताई जा रही थी। जून और जुलाई में भी बारिश कम रहने से धानरोपनी और जलाशयों पर इसका असर दिखा था। हालांकि, अगस्त में बंगाल की खाड़ी में लगातार बने निम्न दबाव के क्षेत्रों और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश का दौर तेज हुआ। इसके चलते 2 सितंबर तक राज्य में सामान्य बारिश का कोटा पूरा हो गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 2 सितंबर के बीच झारखंड में सामान्य बारिश 815.6 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जबकि इस दौरान 818.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 3 प्रतिशत अधिक है। झारखंड में मानसून की वापसी में अभी करीब 28 दिन बाकी बताए जा रहे हैं। इस दौरान यदि राज्य में लगभग 200 मिलीमीटर और बारिश होती है तो पूरे मानसून सीजन की सामान्य बारिश का आंकड़ा भी पूरा हो सकता है। झारखंड में पूरे मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश करीब 1022 मिलीमीटर मानी जाती है।

9 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

राज्य के औसत आंकड़े सामान्य से अधिक बारिश का संकेत दे रहे हैं, लेकिन जिलावार स्थिति एक जैसी नहीं है। पाकुड़, देवघर, चतरा, गोड्डा, कोडरमा, साहिबगंज, गुमला, गिरिडीह और हजारीबाग में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पाकुड़ में अब तक 459.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 919.2 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। देवघर में 511.1 के मुकाबले 764.5 मिलीमीटर, चतरा में 526.5 के मुकाबले 753.7 मिलीमीटर और गोड्डा में 531.8 के मुकाबले 703.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश का आंकड़ा है। इसी तरह कोडरमा में 525.8, साहिबगंज में 684.2, गुमला में 662.9, गिरिडीह में 602.0 और हजारीबाग में 668.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में भी सामान्य की तुलना में कमी बनी हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। रांची के कांके में सबसे अधिक 220 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नाला में 202.6 मिलीमीटर, जामताड़ा में 136.8 मिलीमीटर और तिलैया में 128.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें : झारखंड की कई NH सड़कें NHAI को सौंपने का फैसला, पूरे नेटवर्क को केंद्र के जिम्मे लेने पर भी विचार

लगातार तीसरे साल सामान्य मानसून की उम्मीद

अच्छी बारिश के बाद झारखंड में लगातार तीसरे साल सामान्य मानसून रहने की उम्मीद बढ़ गई है। पिछले वर्ष राज्य में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी। वर्ष 2024 में सामान्य से करीब 1 प्रतिशत कम, जबकि 2023 में सामान्य से लगभग 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 9 सितंबर और सितंबर के तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में नए मौसम सिस्टम बनने की संभावना है। इनके प्रभाव से झारखंड में एक बार फिर अच्छी बारिश हो सकती है।

जलाशयों में पर्याप्त पानी, गर्मी में मिल सकती है राहत

लगातार अच्छी बारिश का असर राज्य के प्रमुख जलाशयों पर भी पड़ा है। फिलहाल झारखंड के सभी प्रमुख डैम में पर्याप्त पानी मौजूद है। माना जा रहा है कि इस साल जलाशयों में बेहतर जलस्तर रहने से अगले साल गर्मी के मौसम में पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए पानी की कमी का खतरा कम हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें