Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र स्थित सदरियाडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों बेहोश हो गए और उनकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव में निर्माणाधीन एक सेप्टिक टैंक की ढलाई करीब एक महीने पहले की गई थी। गुरुवार को टैंक के अंदर लगी सेंटरिंग हटाने के लिए एक राजमिस्त्री और एक मजदूर करीब 12 फीट गहरे टैंक में उतरे थे। बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर पहले से जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसकी चपेट में आते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दोनों मजदूरों को इलाज के लिए बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अंधारी बस्ती निवासी दिलीप महतो (45 वर्ष) और सदरियाडीह निवासी राजेश महतो (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू और बाघमारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सेप्टिक टैंक, कुएं और अन्य बंद स्थानों में कार्य शुरू करने से पहले गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग बेहद जरूरी होता है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बिना सुरक्षा इंतजाम के टैंक में उतरने के कारण यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाएं भूल चुकी, JPSC मामलों की हो CBI जांच: आदित्य साहू
ग्रामीणों में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद दोनों मजदूरों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

