- मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान हिरासत में लिए गए भाजपा विधायक, विधानसभा की कार्यवाही पर पड़ा असर
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मुख्य विपक्षी दल भाजपा की गैरमौजूदगी को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने नाराजगी जताई है। सदन में उन्होंने कहा कि प्रश्न सूची में सवाल देने के बावजूद विधायकों का उपस्थित नहीं रहना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भाजपा के अधिकांश विधायक सदन में मौजूद नहीं थे। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भाजपा विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया था। इसके कारण विपक्ष की उपस्थिति सदन में नहीं हो सकी।
मुख्यमंत्री आवास घेराव के बाद पुलिस कार्रवाई
सोमवार को भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग वाहनों से खेलगांव स्थित परिसर ले जाया गया, जहां वे पुलिस निगरानी में रहे।
यह भी पढ़ें : JPSC घोटाला: पूछताछ के लिए CID कार्यालय पहुंचीं पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य, तीन पूर्व सदस्यों को भेजा गया समन
विधानसभा की कार्यवाही पर उठे सवाल
विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्षी विधायकों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रश्न सदन में उठाने के लिए सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है। प्रश्न देकर अनुपस्थित रहना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं माना जा सकता।

रिहाई को लेकर बनी रही चर्चा
दिनभर यह चर्चा होती रही कि हिरासत में लिए गए भाजपा विधायकों को कब तक रिहा किया जाएगा और क्या वे बाद में सदन की कार्यवाही में शामिल हो पाएंगे। हालांकि खबर लिखे जाने तक भाजपा विधायक खेलगांव परिसर में ही मौजूद थे और पुलिस की निगरानी में रखे गए थे। वहीं, विधानसभा सत्र और छात्र आंदोलन के बीच राजधानी रांची का राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

