रांची में महिला के चेहरे पर कालिख पोतने का मामला गरमाया, आदिवासी संगठनों का विरोध, आरोपी के घर में तोड़फोड़

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित भाभानगर में महिलाओं के साथ कथित बदसलूकी का मामला गुरुवार को तूल पकड़ गया। दो आदिवासी महिलाओं के चेहरे पर कालिख पोतने की घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी के घर पर तोड़फोड़ की। घटना के विरोध में विभिन्न आदिवासी संगठनों के सैकड़ों लोग ज्योत्सना केरकेट्ठा के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला हालात

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने में जुट गए। पुलिस की तत्परता से हालात पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को चोरी के आरोप में दो आदिवासी महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था। पहले उनके चेहरे पर कालिख पोती गई और फिर उन्हें पूरे मोहल्ले में घुमाया गया, जिससे उनकी सामाजिक बेइज्जती हुई।

यह भी पढ़ें: 5 लाख का इनामी उग्रवादी सुरेंद्र लोहरा ने किया आत्मसमर्पण, लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सदर डीएसपी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नए तथ्य सामने आने पर और कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील, शांति बनाए रखें

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें