Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि किशोरी ने हाल ही में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह परिजन खेत पर गए हुए थे। जब वे करीब 10 बजे घर लौटे तो उन्होंने किशोरी को घर में फंदे से लटका पाया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर उत्तम उपाध्यायऔर थाना प्रभारी मो. कफील अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।
यह भी पढ़ें: पलामू के चार लोगों की यूपी में भीषण सड़क हादसे में मौत, किछौछा शरीफ से जियारत कर लौटते समय हुआ हादसा

हाल ही में दर्ज हुआ था दुष्कर्म का केस
बताया गया है कि किशोरी ने हाल ही में बेड़ो थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने 9 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस ने इस मामले में यूडी (Unnatural Death) केस दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

