Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड संयुक्त स्नातक स्तरीय (JPSC-CGL) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियां अब केवल परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मामले में गिरफ्तार अभय तिवारी से जुड़े अन्य पहलुओं और उनके परिवार के सदस्यों की सरकारी नियुक्तियों की भी जांच कर रही हैं।
भाई की नियुक्ति को लेकर भी पड़ताल
सूत्रों के अनुसार, अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी की नियुक्ति भी JPSC-CGL परीक्षा के माध्यम से हुई थी। जानकारी यह भी सामने आई है कि उन्होंने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) भी उत्तीर्ण की थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता, प्रभाव या अनुचित लाभ का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। इसके लिए संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की जा रही है।

परीक्षा संचालन से भी जुड़ा रहा था अभय तिवारी
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि अभय तिवारी पहले विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल रहे थे। बाद में वह एक निजी एजेंसी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते हुए परीक्षा संचालन से जुड़े कार्यों में भी भूमिका निभा रहे थे। इसी कड़ी में जांच एजेंसियां यह समझने का प्रयास कर रही हैं कि परीक्षा संचालन और चयन प्रक्रिया के बीच किसी प्रकार का संबंध या प्रभाव तो नहीं था। मामले की जांच कर रही CID ने हिरासत में लिए गए अन्य संदिग्धों से पूछताछ तेज कर दी है। जांच एजेंसी कथित नेटवर्क की कार्यप्रणाली, संपर्कों और परीक्षा प्रक्रिया में संभावित हस्तक्षेप के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें : बोकारो में मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्ध महिला से चेन झपटकर फरार हुए बदमाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
परीक्षा प्रक्रिया में हस्तक्षेप की जांच
अधिकारियों के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित नेटवर्क किस प्रकार काम करता था और परीक्षा प्रक्रिया में किस स्तर तक हस्तक्षेप किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और किसी भी अतिरिक्त व्यक्ति की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

