JPSC अनियमितता मामले में जांच तेज, चौथे दिन भी CID दफ्तर पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते

Meenu | August 3, 2026 | 12:42 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते सोमवार को लगातार चौथे दिन भी पूछताछ के लिए CID कार्यालय पहुंचे। CID की टीम उनसे परीक्षा प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई नई जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसी की ओर से नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें : धर्मेंद्र हत्याकांड को लेकर झारखंड क्रांति मंच का प्रदर्शन, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और 50 लाख मुआवजे की मांग

डेटा टेंपरिंग और OMR शीट से जुड़े पहलुओं की जांच

जानकारी के अनुसार, CID अब तक एल ख्यांग्ते से तीन दौर की पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान कथित डेटा टेंपरिंग, OMR शीट में हेराफेरी और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी अन्य संभावित अनियमितताओं पर सवाल पूछे गए हैं। जांच एजेंसी इन पहलुओं से जुड़े दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण कर रही है। गौरतलब है कि 21 जुलाई की शाम JPSC कार्यालय में CID और रांची पुलिस की संयुक्त छापेमारी के बाद तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

कई जिलों में कोचिंग संस्थानों पर भी कार्रवाई

जांच के सिलसिले में सोमवार तड़के झारखंड के कई जिलों में CID और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और संभावित नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है। छापेमारी के दौरान दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share this news

संबंधित खबरें