श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों पर 13 जुलाई को होगी उच्चस्तरीय समीक्षा, डीजीपी लेंगी बैठक

Rupa Kumari | July 3, 2026 | 04:49 PM IST
  • सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा फोकस; संबंधित जिलों से 10 जुलाई तक मांगी गई तैयारी रिपोर्ट

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने व्यापक स्तर पर समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में 13 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) करेंगी। बैठक में श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।

कई जिलों के पुलिस अधीक्षक होंगे शामिल

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बैठक में देवघर, दुमका सहित रेल धनबाद और जमशेदपुर क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। श्रावणी मेला के दौरान इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

10 जुलाई तक मांगी गई अद्यतन रिपोर्ट

पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों को निर्देश दिया है कि वे 10 जुलाई तक श्रावणी मेला की तैयारियों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इन रिपोर्टों के आधार पर समीक्षा बैठक में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी चर्चा होगी।

यह भी पढ़ें: बक्सर शिक्षा कार्यालय में पानी में तैरते मिले 2100 प्रश्नपत्रों के बंडल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

कई विभागों के अधिकारी होंगे मौजूद

समीक्षा बैठक में पुलिस विभाग के अलावा विशेष शाखा, रेल पुलिस, तकनीकी एवं संचार सेवा इकाई तथा गृहरक्षक एवं अग्निशमन सेवा के अधिकारियों को भी शामिल होने का निर्देश दिया गया है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। हर वर्ष आयोजित होने वाला श्रावणी मेला झारखंड के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें