Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सिमडेगा जिले की 30 वर्षीय अरुणिमा बा का शुक्रवार सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। उन्होंने 23 नवंबर को ऑपरेशन के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। अरुणिमा मूल रूप से रेंगारिह थाना क्षेत्र के पाईकपारा डेल्याटोली की निवासी थीं और अपने पति गुलशन बा के साथ ठेठईटांगर के ताराबोगा गिरजाटोली में रहती थीं। उनके तीनों बेटों में से दो नवजातों की स्थिति बेहद नाजुक है और उन्हें रांची के कटहल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रसव के बाद अरुणिमा के किडनी और अन्य अंगों में गंभीर संक्रमण फैल गया था, जिसके कारण उनकी हालत समय के साथ बिगड़ती गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में बुजुर्ग ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या
आर्थिक संकट गहराया
परिवार पहले से ही गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। अरुणिमा का नाम राशन कार्ड में शामिल न होने के कारण उन्हें सरकारी सहायता भी नहीं मिल पा रही थी। पति गुलशन बा अब पत्नी के शव को गांव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था और नवजातों के इलाज के लिए पैसे जुटाने में संघर्ष कर रहे हैं।
परिवार ने लगाई मदद की गुहार
शोकाकुल परिवार ने प्रशासन, समाजसेवियों और दानदाताओं से सहयोग की अपील की है, ताकि अरुणिमा के शव को सम्मानपूर्वक घर ले जाया जा सके और नवजात बच्चों का इलाज जारी रह सके। उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार से संपर्क किया जा रहा है और हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।