Samachar Post रिपोर्टर,रांची :पिठोरिया थाना क्षेत्र के काटमकुली गांव में किसान अफज़ल अंसारी की मेहनत पर हमला हुआ। रातभर खेत में रखी धान की बालियों को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया।
यह भी पढ़ें :ACB ने फिर से जमशेदपुर के DC कर्ण सत्यार्थी को भेजा समन, आरोपी के रूप में तलब
सुनहरे धान के ढेर हुए खाली
अफज़ल ने बताया कि मंगलवार को दिनभर धान काटने के बाद उन्होंने फसल को खेत में ही रखा था। सोचा था कि सुबह घर ले जाएंगे। लेकिन सुबह खेत पहुंचते ही उनका पूरा सपना और मेहनत खो गया। जहां कल तक सुनहरे धान के ढेर थे, आज सिर्फ मिट्टी और खालीपन बचा है।
पिछली बारिश से पहले ही सब्जी की फसल नष्ट
अफज़ल बताते हैं कि इस साल की लगातार बारिश ने पहले ही सब्जियों की पूरी फसल तबाह कर दी थी। अब आख़िरी उम्मीद थी धान की खेती पर, जिससे उनका परिवार सालभर गुजर-बसर करता है। लेकिन चोरों ने वह सहारा भी छीन लिया।अफज़ल ने दुख जताते हुए कहा मैं पूरी तरह बर्बाद हो गया हूं। साल में एक बार धान की खेती होती है। उसी से घर-परिवार चलता है। अब मेरे पास कुछ भी नहीं बचा। एक किसान की मेहनत, उम्मीद और सालभर की कमाई सब कुछ एक रात में लुट गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही अफज़ल ने पिठोरिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच और चोरों की तलाश में जुटी है।
Reporter | Samachar Post