Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) की टीम ने वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) के साथ बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान में वन विभाग ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 80 करोड़ रुपये की कीमत वाला 1.2 किलो सांप का ज़हर बरामद किया है। यह ज़हर स्थानीय स्तर पर इकट्ठा कर विदेशों में तस्करी के लिए तैयार रखा गया था। कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सात अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद सिराज और मोहम्मद मिराज (औरंगाबाद, बिहार) तथा राजू कुमार (हरिहरगंज, पलामू) शामिल हैं। इनके पास से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का पैंगोलिन शल्क भी बरामद किया गया है। सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह कई दिनों से वन विभाग के रडार पर था। लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद तीन दिन पहले हुई गिरफ्तारी ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
यह भी पढ़ें :JSSC-CGL पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड विनय साह गोरखपुर से गिरफ्तार, नेपाली सिम से छुपा रहा था लोकेशन
गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
पीटीआर के उपनिदेशक प्रजेशकान्त जेना ने बताया कि टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि पलामू इलाके में सांप के ज़हर की बड़ी मात्रा तस्करी के लिए जमा की जा रही है। इसके बाद विशेष टीमों ने जाल बिछाया और तस्करों को पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि बरामद ज़हर स्थानीय इलाकों से इकट्ठा किया गया था और जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे किन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजा जाता था। हिरासत में लिए गए सात लोगों से भी पूछताछ जारी है और कई अन्य स्थानों पर छापेमारी चल रही है।
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
उपनिदेशक जेना ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी पीटीआर टीम ने बाघ और अन्य वन्यजीवों के शिकार में शामिल शिकारियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया था, जिसमें कई हथियार बरामद किए गए थे। ताजा कार्रवाई ने स्पष्ट किया है कि इलाके में वन्यजीव तस्करी का एक सक्रिय नेटवर्क काम कर रहा था।
Reporter | Samachar Post