दिल्ली धमाके के बाद रांची में हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर- शहरभर में सघन जांच अभियान शुरू

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर की अगुवाई में बुधवार शाम से ही शहरभर में ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें :नालंदा के पीएमश्री स्कूलों में मध्याह्न भोजन (MDM) की तैयारी तेज, बैंक खाता बना बाधा

प्रमुख स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। RPF, GRP और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रही हैं। अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन टीम लगातार निरीक्षण कर रही हैं।

वाहनों और संदिग्धों की सघन जांच

शहर के सभी चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार और संवेदनशील इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने होटलों, लॉज, धर्मशालाओं और किराए के मकानों में भी तलाशी अभियान चलाया है।

पुलिस ने की नागरिकों से अपील

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि जांच अभियान फिलहाल जारी रहेगा और सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन कराएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जनता सहयोग करे, ताकि शहर सुरक्षित रहे।

Share this news

संबंधित खबरें