नीरज चोपड़ा को मिला सेना का बड़ा सम्मान, बने लेफ्टिनेंट कर्नल

Samachar Post डेस्क, रांची : भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को बुधवार को भारतीय प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। समारोह के दौरान नीरज सेना की वर्दी में नजर आए, जिससे पूरा देश गर्व से भर उठा।

नीरज चोपड़ा का गौरवशाली सफर

हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतकर भारत का नाम दुनिया भर में रोशन किया। इससे पहले वे भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत थे। इस साल मई में रक्षा मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर नीरज को मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक देने की घोषणा की थी, जिसे बुधवार को औपचारिक रूप से प्रदान किया गया।

रक्षा मंत्रालय की अधिसूचना

रक्षा मंत्रालय की मई 2025 की अधिसूचना में कहा गया था, प्रादेशिक सेना विनियम 1948 के तहत, राष्ट्रपति ने हरियाणा के खंडरा गांव के पद्मश्री, पीवीएसएम, वीएसएम और पूर्व सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा को 16 अप्रैल 2025 से प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की है।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग : छठ महापर्व से पहले तालाबों की सफाई अभियान शुरू, DC और SP ने किया निरीक्षण

धोनी भी पा चुके हैं यह उपाधि

नीरज से पहले 2011 में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी गई थी। नीरज को मिला यह सम्मान न केवल उनकी खेल उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि देश सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण का भी प्रतीक बन गया है।

संबंधित खबरें