झारखंड में बारिश का कहर, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 5 अक्टूबर से राहत की उम्मीद

Meenu | October 4, 2025 | 10:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और हजारीबाग में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें :सिमडेगा में मां दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम

इन जिलों में होगी भारी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा और देवघर में भी बारिश का अनुमान है।

5 अक्टूबर से राहत की संभावना

खाड़ी पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके कमजोर होने की उम्मीद है। इसके बाद 5 अक्टूबर से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है।

बारिश का ताज़ा हाल

धनबाद में 73.2 मिमी, जामताड़ा में 70 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 53.4 मिमी, बोकारो में 37.6 मिमी, गिरिडीह में 34 मिमी, रांची में 21.2 मिमी बारिश हुई। 1 से 3 अक्टूबर तक झारखंड में 46 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य (11.7 मिमी) से लगभग तीन गुना अधिक है। मौसम विभाग ने इसे पोस्ट-मानसून बारिश की श्रेणी में रखा है।

तापमान में हल्का बदलाव

अगले तीन दिनों तक तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। शुक्रवार को रांची का तापमान 25.2 डिग्री और गोड्डा का सबसे अधिक 30 डिग्री दर्ज किया गया।

Share this news

संबंधित खबरें