Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में बुधवार को मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। डैम, तालाबों और अन्य जलाशयों में खतरे के निशान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें अलर्ट पर रहेंगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना और विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। इसके लिए संवेदनशील घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है।
विसर्जन घाटों पर NDRF-SDRF की निगरानी
प्रतिमा विसर्जन के दौरान डैम और तालाबों में निर्धारित सुरक्षा सीमाओं का पालन करना अनिवार्य होगा। खतरे के निशान के आगे सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जा सकें। संवेदनशील घाटों पर आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात रहेंगी।रांची के एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल उपचार मिल सके।
विसर्जन जुलूस के साथ तैनात रहेगा पुलिस बल
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा समितियों के जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस के निकलने से लेकर प्रतिमा विसर्जन और वापसी तक पुलिसकर्मी सतर्क रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील धार्मिक स्थलों और पूर्व में विवाद वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत CCTV और ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। उपद्रव, मारपीट, छेड़खानी और छीना-झपटी जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भड़काऊ गाने और सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने की अपील
एसएसपी राकेश रंजन ने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएं। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुसार ही किया जाए। इसके साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने की अपील की गई है। किसी भी भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री की सत्यता जांचे बिना उसे साझा नहीं करने की सलाह दी गई है, ताकि अफवाहों के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर विसर्जन जुलूस में शामिल होने, हुड़दंग करने, मारपीट या छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आस्था और उत्साह के साथ मां दुर्गा को विदाई देने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद रहेंगी।





















