कल भी बंद रहेगी रिम्स की ओपीडी, मांगे पूरी होने तक कार्यबहिष्कार करेंगे चिकित्सक, कल से अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी ओपीडी रहेगी बंद।डॉक्टरों की मांग- जल्द से जल्द केस सीबीआई को ट्रांसफर और निष्पक्ष जांच हो, रिम्स में भी प्रबंधन महिला चिकित्सकों को मुहैया कराए सुरक्षा, सरकार मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करे।
Samachar Post, रांची : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की सेकेंड ईयर पीजी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद से ही देश भर के डॉक्टरों में रोष है। इसी के विरोध में मंगलवार को रिम्स के जूनियर डॉक्टरों ने भी कार्यबहिष्कार कर अपना समर्थन दिया। सुबह 9 बजे ओपीडी खुली थी, सीनियर डॉक्टर बैठे थे, वहां घूम-घूमकर जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी बंद कराया। एक घंटे सभी ओपीडी को बंद कराने के बाद चिकित्सक अधीक्षक कार्यालय के समक्ष रिम्सओनियन हॉल में जमा हुए, जहां शाम तक सभी डटें रहें। उनकी मांग थी कि बंगाल सरकार डॉक्टर की रेप के बाद हत्या मामले में जांच का जिम्मा सीबीआई को दे। सीबीआई को केस हैंडओवर कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को सजा मिले। हालांकि, मंगलवार को कोलकाता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद देर शाम तक केस सीबीआई को ट्रांसफर किया जा चुका है। अब डॉक्टर आईएमए के साथ बैठक के बाद बुधवार को कार्य बहिष्कार पर निर्णय लेंगे।
रिम्स में भी महिला चिकित्सक सुरक्षित नहीं, सुरक्षा मुहैया कराए प्रबंधन
जूनियर डॉक्टरों ने जेडीए के बैनर तले चल रहे विरोध के क्रम में रिम्स में अपनी सुरक्षा की भी मांग प्रबंधन से की। जेडीए पूर्व अध्यक्ष डॉ. जयदीप ने कहा कि रिम्स में भी डॉक्टर सुरक्षित नही है। देर रात ड्यूटी कर उन्हें अकेले हॉस्टल लौटना पड़ता है। 500 मीटर से अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। रास्ते में कहीं भी लाइट की व्यवस्था नही है। रास्ते में सुरक्षाकर्मी नही होते। जबकि परिसर बाहरी लोगों के लिए भी खुला हुआ है। इस पर रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने जल्द कैंपस में 1200 सीसीटीवी कैमरे और 2 पुलिस पोस्ट बनवाने का आश्वासन दिया है। जूनियर डॉक्टरों के प्रदर्शन के क्रम में रिम्स के 300 से ज्यादा पीजी स्टूडेंट, इंटर्न के अलावा आईएमए के प्रतिनिधि, आईएमए विमेंस विंग की प्रेसिडेंट डॉ. भारती कश्यप, ट्राइबल मेडिकल एसोएिशन से डॉ. निशिथ एक्का, रिम्स के डॉ. विकास कुमार के साथ अन्य शामिल थे। वहीं, रिम्स जेडीए से प्रेसिडेंट डॉ. अंकित कुमार, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अभिषेक, डॉ. ओम कुमार, डॉ. अर्चना कुमारी, डॉ. कुमारी क्रीति समेत अन्य शामिल थे।
यह भी पढ़ें : कोलकाता की चिकित्सक के साथ रेप के बाद हत्या के विरोध में आज से हड़ताल पर रहेंगे सभी मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर्स