Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। बाइक सवार अपराधियों ने कथित तौर पर करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में चल रहा है।
रेस्टोरेंट में विवाद के बाद चली गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, कृष्णा चौबे, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है, डोमिनिक सैमसन (आदित्यपुर), एमडी रिजवान (आजादनगर), कृष्णा चौबे, एमडी दिलशाद (कपाली) पुलिस के अनुसार, सभी को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
CCTV और आपराधिक एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही, पुलिस घायलों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह की भी जांच कर रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



















