Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : हिरणपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से जा रहे थे और वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने के बाद दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें : PM मोदी के जन्मदिन से झारखंड में शुरू होगा एक माह का ‘सेवा संकल्प’ अभियान, बाबूलाल ने बताई पूरी योजना
वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि दो युवक पाकुड़ से अवैध मादक पदार्थ लेकर हिरणपुर आ रहे हैं। आरोप है कि यहां मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री और सेवन किया जाना था। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क पर हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

पैंट की जेब से बरामद हुआ ब्राउन शुगर
पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान शिवा दत्ता, निवासी सुंदरपुर और मो. जियाउल अंसारी, निवासी कमलघाटी, थाना हिरणपुर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। इस दौरान मो. जियाउल अंसारी की पैंट की जेब से काले प्लास्टिक में पैक करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने का दावा किया गया है।
बाइक और अन्य सामान जब्त
पुलिस ने ब्राउन शुगर के अलावा बिना नंबर प्लेट की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक सिगरेट का डिब्बा और सिल्वर पेपर का एक टुकड़ा भी जब्त किया है। मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत धारा 21(A)/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Reporter | Samachar Post


