धनबाद के कतरास में अवैध कोयला खनन के दौरान हादसा, खदान धंसने से 2 की मौत; कई के दबे होने की आशंका

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के कतरास में रविवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में कोयला चुनने के दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि तीन लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाले जाने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद मलबे के नीचे कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

यह भी पढ़ें : BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी मामले में देवघर से आरोपी गिरफ्तार, गुजरात ले गई पुलिस

अवैध सुरंग में कोयला काटने के दौरान धंसी खदान

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह कुछ लोग केशलपुर कुम्हारपट्टी इलाके में बनी अवैध सुरंग में कोयला काटने और चुनने के लिए गए थे। करीब सुबह 7 बजे अचानक सुरंग का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया। चाल धंसने से सुरंग में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों को जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

कुदाल और गैंता से ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य

घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कुदाल और गैंता की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इसी दौरान दो शवों को बाहर निकाले जाने की सूचना है। वहीं, तीन घायलों को मलबे से निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज के लिए भेजे जाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति शामिल हैं। हालांकि, दूसरे मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका

बताया जा रहा है कि हादसे के समय अवैध सुरंग के अंदर और उसके आसपास कई लोग मौजूद थे। ऐसे में मलबे के नीचे और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीण लगातार मलबा हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन और पुलिस की ओर से राहत एवं बचाव कार्य को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

संबंधित खबरें