Samachar Post डेस्क,बिहार : जिले के कांटी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक स्कूल को निशाना बनाकर देर रात जमकर फायरिंग की। कांटी थर्मल पावर स्टेशन के सामने स्थित चंद्रशील स्कूल की चारदीवारी और गेट पर बदमाशों ने कथित तौर पर 18 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद स्कूल की मुख्य दीवार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा पोस्टर भी चिपकाया गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। गोलीबारी के बाद मौके से 18 खोखे बरामद होने की बात सामने आई है। स्कूल की दीवार और गेट पर गोलियों के निशान भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें : गढ़वा में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि, जंगल में मिले पगमार्क; कैमरा ट्रैप से निगरानी तेज
फायरिंग के बाद चिपकाया 50 लाख की रंगदारी वाला पोस्टर
जानकारी के मुताबिक, देर रात हथियारों से लैस बदमाश स्कूल पहुंचे और उसकी चारदीवारी व मुख्य गेट को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसके बाद बदमाशों ने स्कूल की मुख्य दीवार पर हाथ से लिखा धमकी भरा पोस्टर चिपका दिया। पोस्टर में स्कूल प्रबंधन से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। पोस्टर में जान-माल के नुकसान की चेतावनी दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने पोस्टर और खोखे जब्त किए
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दीवार पर चिपकाए गए धमकी भरे पोस्टर को जब्त कर लिया है। घटनास्थल से मिले 18 खोखों समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कौन थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्कूल परिसर के अलावा नेशनल हाईवे और आसपास के अन्य स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। पुलिस को आशंका है कि बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फिर मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज के जरिए उनके हुलिए और भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूल और आसपास के इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा
कांटी थर्मल पावर स्टेशन जैसे संवेदनशील इलाके के सामने स्कूल पर हुई फायरिंग के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद स्कूल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांटी थानाध्यक्ष के मुताबिक, अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post


