कोडरमा के असनाबाद में मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला, बाइक छोड़कर फरार हुआ आरोपी

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार को एक मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना असनाबाद स्थित गुड्डू मोबाइल दुकान की है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दुकान संचालक गुड्डू और एक युवक के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। वारदात के बाद दुकान और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें : पलामू: जातीय जनगणना में OBC कॉलम नहीं होने पर रामदेव यादव ने उठाए सवाल, बोले- सामाजिक न्याय के खिलाफ

गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुकानदार को तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर छोड़ी गई बाइक को जब्त कर लिया है। बाइक के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

आक्रोशित लोगों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग किया जाम

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और करीब 10 मिनट में जाम हटवा दिया। हालांकि, इसके बाद भीड़ ने दोबारा सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित खबरें