10 दिन में पाकुड़ ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, 3 गिरफ्तार; 1 किलो चांदी और हथियार बरामद

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में 2 सितंबर को हुई हथियारबंद लूट का पुलिस ने महज 10 दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलो चांदी के आभूषण, 12,700 रुपये नकद और लूट में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की गई हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में छह टीमों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने मानवीय सूचना के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 25 बाइक-स्कूटी बरामद; 2 गिरफ्तार

दुर्गा मंदिर के पास ज्वेलरी दुकान में घुसकर की थी लूट

2 सितंबर को अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। हथियार के बल पर दुकान में लूटपाट करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद दुकान मालिक आकाश वर्मा के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की।

आरोपियों की निशानदेही पर चांदी के जेवर और दुकान का सामान बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें चांदी के हेयर क्लिप, 33 सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने ज्वेलरी की ट्रे, ‘किशुन वर्मा ज्वेलर्स’ लिखे थैले, आभूषण नापने की मशीन, छह प्लास्टिक डिब्बे और जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के दो टुकड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल पल्सर N-160 और पैशन प्रो बाइक, तीन मोबाइल फोन और 12,700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में एक का कई जिलों में आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव (27), निवासी चितरपोका, मोहनपुर, देवघर; हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव (19), निवासी तिवारीचक, बांका और कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव (22), निवासी दलिया बौंसी, बांका के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रवीण कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा में लूट, डकैती, हथियार समेत अन्य आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने उसे पूर्व की कई घटनाओं में वांछित भी बताया है। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण कुमार का नाम 2025 में जामताड़ा की ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट और जुलाई 2026 में गोड्डा के ज्वेलरी शॉप में हुई लूट के मामले में भी सामने आया है।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी और लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। एसपी अनुदीप सिंह के नेतृत्व में गठित SIT में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के अलावा अमड़ापाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, मालपहाड़ी, रद्दीपुर और सिमलौंग थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल रहे। टीम में तकनीकी और साइबर शाखा के पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

संबंधित खबरें