जमशेदपुर में संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 25 बाइक-स्कूटी बरामद; 2 गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत आसपास के शहरी और ग्रामीण इलाकों में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर अब तक चोरी की 25 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटा गोविंदपुर निवासी सुखदेव लोहरा और मुसाबनी के लाटिया डुंगरीडीह निवासी तोता महली उर्फ टोपा महली के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह पूर्वी सिंहभूम के अलावा दूसरे जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करता था। इसके बाद चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों में ले जाकर खपाया और बेचा जाता था।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा रोजगार मेले में 13 कंपनियों ने दिए अवसर, DC बोले- नौकरी जिम्मेदारी और भरोसे का नाम

चोरी की बाइक खरीद-बिक्री की तैयारी में थे आरोपी

मामला गुड़ाबांदा थाना कांड संख्या 14/2026 से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। उनकी निशानदेही पर 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में कुछ अन्य संदिग्धों के नाम सामने आने के बाद उनके सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक कर रहे थे। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना, संदिग्धों की गतिविधियों और बरामद वाहनों के सत्यापन के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास दो व्यक्ति चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं।

घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा

सूचना मिलने के बाद एसआईटी और मुसाबनी थाना की पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से जमशेदपुर शहर और दूसरे जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों में ले जाकर बेच दिया जाता था। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 8 और मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की। जांच आगे बढ़ने पर बरामद वाहनों की कुल संख्या 25 हो गई। बरामद वाहनों में TVS Raider, Hero Splendor Plus, Honda Activa, Passion Pro समेत कई अन्य मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं।

अब तक पांच आरोपी न्यायिक हिरासत में

इस कार्रवाई के बाद वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों और चोरी से जुड़े अलग-अलग मामलों का सत्यापन किया जा रहा है।

सुखदेव लोहरा का पहले से आपराधिक इतिहास

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक नीले रंग का इनफिनिक्स एंड्रॉयड मोबाइल और एक काले रंग का की-पैड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, सुखदेव लोहरा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आरआईटी आदित्यपुर थाना में वर्ष 2024 का मामला और ओल्डीह ओपी थाना में वर्ष 2026 का मामला दर्ज है। वहीं, पुलिस ने बताया कि तोता महली के खिलाफ इस मामले के अलावा कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और चोरी के बाकी वाहनों की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

संबंधित खबरें