जामताड़ा में व्यवसायी से 65 हजार रुपये और मोबाइल की लूट, संदिग्ध बाइक के आधार पर जांच तेज

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से नकदी और मोबाइल लूटे जाने का मामला सामने आया है। दुकान बंद कर घर लौट रहे गेट-ग्रील व्यवसायी को तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और 65 हजार रुपये नकद समेत मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बागबेर पंचायत के कालाझरिया निवासी समसुल अंसारी सहजपुर-सितकपुर रोड पर गेट-ग्रील की दुकान चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार, 8 सितंबर को उन्होंने दो ग्राहकों से पुराना बकाया और मजदूरी के रूप में 60 हजार रुपये प्राप्त किए थे। इसमें ईदगाह मोड़ निवासी अख्तर अंसारी से 20 हजार रुपये और रमजानी मोड़ निवासी मुस्तकीम अंसारी से 40 हजार रुपये मिले थे। उनके पास पहले से मौजूद 5 हजार रुपये को मिलाकर कुल 65 हजार रुपये नकद थे।

सुनसान रास्ते में घेरकर की लूट

समसुल अंसारी शाम को नकदी और ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंड़पर से रेलवे लाइन के अंदर पुलिया होकर रेलवे कॉलोनी स्थित शांति निकेतन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने डराकर और मारपीट कर उनकी जेबों में रखे 65 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर बांस के झुरमुट के पास दो संदिग्ध मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इनमें एक लाल रंग की अपाचे बाइक भी शामिल थी। पुलिस इस सुराग के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें : 18 साल की नौकरी में 4 करोड़ की प्रॉपर्टी, छापे में 76 लाख के गहने; धनकुबेर इंजीनियर की करप्शन कथा

अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद करमाटांड़ थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध मोटरसाइकिलों, संभावित भागने के रास्तों और आसपास मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। सुनसान रास्ते पर हुई इस लूट की घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

संबंधित खबरें