Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग ने 11 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यह सिस्टम करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के प्रभाव से अगले एक-दो दिनों तक झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 11 सितंबर तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
वज्रपात और तेज हवा को लेकर सावधानी की अपील
भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। गर्जन के दौरान लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खुले मैदान में रहने से परहेज करने की सलाह दी गई है। किसानों को वज्रपात के दौरान खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है। जलभराव वाले क्षेत्रों और कच्चे मकानों से भी दूर रहने को कहा गया है। गरज-चमक के दौरान बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश
मानसून सीजन में 1 जून से 10 सितंबर तक पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है। जिले में इस अवधि के दौरान 1297.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 887.5 मिलीमीटर है। इस तरह पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश हुई है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी इस अवधि के दौरान सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
देवघर और बोकारो में अब भी बारिश की कमी
हालांकि, झारखंड के कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। देवघर में सामान्य से 30 फीसदी कम, जबकि बोकारो में 12 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। कोडरमा में भी सामान्य के मुकाबले बारिश की कमी बनी हुई है। इस तरह राज्य में मानसून की स्थिति जिलावार अलग-अलग बनी हुई है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी बारिश की कमी दर्ज की जा रही है।
Reporter | Samachar Post