रबींद्रनाथ महतो बोले- स्वीकार करना कठिन, सुदिव्य सोनू का मुझे ‘मान्यवर’ कहना अभी भी गूंज रहा

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सुदिव्य सोनू को अपना प्रिय छोटा भाई बताते हुए कहा कि उनके निधन की खबर को स्वीकार कर पाना बेहद कठिन है। सोनू जिस आत्मीयता से उन्हें ‘मान्यवर’ कहकर संबोधित करते थे, उसकी याद अब हमेशा उनके साथ रहेगी।

यह भी पढ़ें : चतरा में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, इंडिकेटर जलता देख CO ने बचाई चालक की जान

‘प्रिय छोटे भाई को खोना व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति’

रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि देर रात उन्हें अपने प्रिय छोटे भाई सुदिव्य सोनू के निधन की बेहद दुखद खबर मिली। उन्होंने कहा कि यह ऐसा असहनीय सत्य है, जिसे स्वीकार करना उनके लिए बेहद मुश्किल है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुदिव्य सोनू उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक साथी नहीं थे, बल्कि छोटे भाई की तरह थे। दोनों के बीच आत्मीय और स्नेहपूर्ण संबंध रहा।

‘मान्यवर’ कहकर बुलाने की याद रहेगी

रबींद्रनाथ महतो ने सुदिव्य सोनू के सहज व्यवहार को याद करते हुए कहा कि वह उन्हें हमेशा स्नेह और आत्मीयता के साथ ‘मान्यवर’ कहकर संबोधित करते थे। उन्होंने कहा कि सोनू का यह अपनत्व भरा संबोधन अब उनकी स्मृतियों में हमेशा गूंजता रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी अपने के अचानक चले जाने से पैदा हुई कमी को भर पाना संभव नहीं है। सुदिव्य सोनू की यादें उनके जीवन का हिस्सा बनी रहेंगी।

झारखंड आंदोलन और अस्मिता की लड़ाई में योगदान को किया याद

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर राज्य की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई तक सुदिव्य कुमार सोनू का समर्पण और योगदान महत्वपूर्ण रहा। सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि सोनू भाई का इस तरह अचानक चले जाना उनके लिए व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी जीवनभर महसूस होती रहेगी।

Share this news

संबंधित खबरें