Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है। नेताओं ने सुदिव्य सोनू के निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उनका असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। राज्यपाल ने ईश्वर से शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें : मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन से गमगीन हुआ JMM कैंप कार्यालय, सम्मान में झुका पार्टी का झंडा
कांग्रेस परिवार शोकाकुल परिजनों के साथः केशव महतो कमलेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत मंत्री के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को निजी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सुबह की शुरुआत बेहद दुखद खबर के साथ हुई। उनके साथी मंत्री और भाई समान सुदिव्य सोनू अब उनके बीच नहीं हैं और इस खबर पर विश्वास करना मुश्किल है। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू का अचानक चले जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनका सहज स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा स्मरण में रहेगा।
राजनीतिक और सामाजिक जीवन को बड़ी क्षति- राजेश ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री और गिरिडीह के लोकप्रिय विधायक के असामयिक निधन की खबर स्तब्ध और मर्माहत करने वाली है। उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। राजेश ठाकुर ने कहा कि सुदिव्य सोनू ने अपने सार्वजनिक जीवन में पूरी सक्रियता, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनता की आवाज उठाई। युवा और कर्मठ जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्होंने अपने क्षेत्र और राज्य के विकास के प्रति लगातार प्रतिबद्धता दिखाई।

‘गंभीर मुद्दों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनसे करते थे विमर्श’
राजेश ठाकुर ने सुदिव्य सोनू के राजनीतिक व्यवहार को याद करते हुए कहा कि गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर कई बार नोकझोंक के बावजूद वह किसी निष्कर्ष तक पहुंचने की कोशिश करते थे। उन्होंने कहा कि जब भी कोई गंभीर मसला सामने आता था, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनसे विमर्श करते थे। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का अचानक चले जाना उनके परिवार और समर्थकों के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गहरा आघात है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों, मानवीय संवेदनाओं और सार्वजनिक जीवन की गरिमा का स्थान सबसे ऊपर है।
झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया- के राजू
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उनके निधन से झारखंड ने एक समर्पित जनसेवक और संवेदनशील नेता को खो दिया है। के राजू ने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों और सुदिव्य सोनू के समर्थकों के साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Reporter | Samachar Post


