Samachar Post रिपोर्टर, रांची : शहरों में सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के जरिए आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा निर्देश दिया है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास तथा पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार हर वार्ड में वेंडर मार्केट विकसित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरों को व्यवस्थित करने के नाम पर वेंडर्स की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनने से सड़क किनारे लगने वाले अनियोजित बाजार और उससे होने वाले जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
शहरों के विकास के लिए बनेगा दीर्घकालिक रोडमैप
मुख्यमंत्री ने बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास का दायरा केवल रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित तरीके से विकसित कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए। उन्होंने शहरों को जोनवार विभाजित कर विकास की योजना तैयार करने पर जोर दिया।
सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज को अनिवार्य करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सड़क की मूल परियोजना और डिजाइन में ही ड्रेनेज व्यवस्था को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। सड़कों के दोनों किनारों पर जल निकासी के साथ पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त स्थान का प्रावधान करने को कहा गया। जिन इलाकों में बार-बार जलजमाव होता है, वहां तकनीकी अध्ययन कर प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने के भी निर्देश दिए गए।
लटकते केबल तारों को हटाने पर जोर
शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का भी निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने खंभों और पेड़ों पर लगे अनावश्यक व अनुपयोगी तारों को चिह्नित कर हटाने को कहा। नए केबल बिछाते समय निर्धारित मानकों का पालन करने और बार-बार सड़क की खुदाई से बचने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

ट्रैफिक व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन में सुधार
रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने और निर्धारित चौक-चौराहों से सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए बसों के रूट और समय-सारिणी से संबंधित डेटा तैयार करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें : गढ़वा में दहेज उत्पीड़न मामले में सिपाही को 2.5 साल की सजा, 10 हजार रुपये जुर्माना
अतिक्रमण हटेगा, वेंडर्स को मिलेगा व्यवस्थित स्थान
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रभावित वेंडर्स की आजीविका पर प्रतिकूल असर न पड़े। इसके लिए जरूरत के अनुसार प्रत्येक वार्ड में वेंडर मार्केट विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, शहरों का विकास सिर्फ सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा। प्रस्तावित दीर्घकालिक रोडमैप में ड्रेनेज, यातायात, वेंडिंग जोन, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, हरित क्षेत्र और नागरिक सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


