Samachar Post रिपोर्टर,रांची : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में झारखंड से राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से घोषित नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : गुमला में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का एक दिवसीय धरना, समान काम के बदले समान वेतन की मांग
प्रदीप वर्मा को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
झारखंड से राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को बीजेपी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उनके साथ अलग-अलग राज्यों के नेताओं को भी राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सचिव बनाए गए नेताओं में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
नई टीम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर बीएल संतोष को बरकरार रखा है। नई टीम में कई अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। नितिन नबीन की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी समेत अन्य नेता शामिल हैं। नई टीम में छह महिलाओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

स्मृति ईरानी समेत 8 राष्ट्रीय महासचिव
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में 8 राष्ट्रीय महासचिव भी बनाए गए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े और सतीश पूनिया समेत अन्य नेता शामिल हैं। नई टीम के ऐलान के बाद नितिन नबीन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से भरपूर यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति देने का काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता भाव से संगठन को और मजबूत करेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाएंगे। नई नियुक्तियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई दी और नई टीम को संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का संयोजन बताया।

Reporter | Samachar Post

