छात्र आंदोलन और माइनिंग संशोधन बिल पर कांग्रेस का तीखा हमला, बड़े आंदोलन की चेतावनी

Rupa Kumari | August 17, 2026 | 12:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में JPSC-JSSC छात्र आंदोलन, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और माइनिंग संशोधन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य और झारखंड के खनिज अधिकारों पर किसी भी प्रकार का आघात स्वीकार नहीं किया जाएगा।

छात्र आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलनों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ चर्चा के बाद छात्रों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए चार सदस्यीय मंत्रियों की समिति गठित की गई है।

JPSC-JSSC मुद्दे पर क्या कहा गया

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार और छात्र संगठनों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी है। मुख्य बिंदु 14वीं JPSC परीक्षा और कुछ अन्य परीक्षाओं को लेकर चर्चा हुई है। परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने पर सहमति बनी है। JSSC CGL परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। सरकार का पक्ष है कि कुछ मामलों में न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के आदेश भी जुड़े हुए हैं।

माइनिंग संशोधन बिल पर कांग्रेस का विरोध

कांग्रेस नेताओं ने माइनिंग संशोधन बिल को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया। पार्टी का आरोप है कि राज्यों से पर्याप्त परामर्श किए बिना संशोधन लाया गया। इससे झारखंड के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। राज्य की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर असर पड़ने की आशंका है। कांग्रेस ने घोषणा की कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा और बिल पर पुनर्विचार की मांग करेगा। विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस 18 अगस्त को माइनिंग संशोधन बिल के विरोध में आगे की रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा घोषित करेगी। पार्टी जिला स्तर तक विरोध कार्यक्रम चलाने की तैयारी में है।

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों की समस्या संवेदनशीलता से सुलझाने की अपील

राजनीतिक माहौल गरम

JPSC-JSSC भर्ती विवाद, छात्र आंदोलन और खनन नीति से जुड़े मुद्दों पर झारखंड की राजनीति लगातार गर्म बनी हुई है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इन मुद्दों को लेकर उसका आंदोलन और तेज हो सकता है, जबकि सरकार छात्रों की मांगों और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों पर समाधान तलाशने की कोशिश कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें