Samachar Post रिपोर्टर,रांची : JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी है। लंबे समय से धरने पर बैठे छात्रों को अब सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया है। रांची के एसडीएम और एडीएम ने आंदोलनकारी छात्रों को सोमवार दोपहर 2 बजे चौथे दौर की बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। इससे पहले रविवार को आंदोलनकारी छात्रों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका था। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में 11 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बाइक पर ला रहे थे खेप
राहुल गांधी के आश्वासन का छात्रों ने किया जिक्र
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने दावा किया कि आंदोलन की शुरुआत के दौरान राहुल गांधी ने फोन पर छात्रों को आश्वासन दिया था। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा था कि अगर 15 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करते हैं और उचित जवाब नहीं देते हैं, तो कांग्रेस झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेगी। छात्र नेताओं का आरोप है कि 15 अगस्त की समयसीमा बीत जाने के बाद भी उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी को लेकर छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।

पांच छात्र अब भी भूख हड़ताल पर
आंदोलन के बीच पांच छात्र अब भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें से तीन छात्रों को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती छात्र भी अपना अनशन जारी रखे हुए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
देवेंद्रनाथ महतो को अस्पताल से बाहर जाने से रोका गया
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले 14 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वह तिरंगा यात्रा में शामिल होकर झंडा फहराना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान छात्र नेता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रशासन का कहना है कि देवेंद्रनाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।
चौथे दौर की बातचीत से छात्रों को उम्मीद
अब सरकार की ओर से बातचीत के लिए बुलाए जाने के बाद छात्रों और प्रशासन के बीच एक बार फिर वार्ता होने जा रही है। छात्रों की प्रमुख मांगों में JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करना और CBI जांच शामिल है। अब देखना होगा कि सोमवार को होने वाली चौथे दौर की बातचीत में सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच कोई सहमति बनती है या नहीं।

Reporter | Samachar Post

